बरेली में होमगार्ड को ट्रक ने कुचला:नो एंट्री जोन में हादसा, 4 महीने बाद था रिटायरमेंट

बरेली में मंगलवार को एक होमगार्ड की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के नो एंट्री जोन में ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान हार्टमैन रामलीला गोटिया निवासी 59 वर्षीय रमेश गिरी के रूप में हुई है। वह रोज की तरह साइकिल से जजी कॉलोनी में अपनी ड्यूटी के लिए निकले थे। कर्मचारी नगर चौकी के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना उस मार्ग पर हुई जहां भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि नो एंट्री के नियम केवल कागजों तक सीमित हैं और पैसे लेकर भारी वाहनों को अंदर जाने दिया जाता है। इस हादसे ने इन आरोपों को बल दिया है। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रक को कब्जे में लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के बेटे विकास गोस्वामी ने बताया कि रमेश गिरी चार महीने बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। परिवार उनकी सेवानिवृत्ति का इंतजार कर रहा था। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है और पत्नी मीना बेसुध हैं। एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने मामले की जानकारी होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि मिनी बाईपास रोड पर नो एंट्री लागू नहीं रहती। हालांकि, स्थानीय लोग इस दावे से सहमत नहीं हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।