बरेली में 3 साल की बच्ची पर कुत्ते का हमला:घायल; पड़ोसी पर लापरवाही और धमकी का आरोप

बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र स्थित जोगी नवादा में शनिवार शाम एक तीन वर्षीय बच्ची पर पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया। बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना तब हुई जब बच्ची अपने घर के दरवाजे पर खेल रही थी। अचानक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसके चेहरे को बुरी तरह नोच लिया। हमले के बाद बच्ची को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई और चेहरे पर कई चोटें आईं। पीड़िता के पिता चंद्रपाल ने बताया कि हमला करने वाला कुत्ता पड़ोसी महबूब का है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की शिकायत करने पर महबूब ने गाली-गलौज की और उन्हें धमकाने की भी कोशिश की। पुलिस ने किया केस दर्ज परिवार ने इस संबंध में बारादरी थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।