गोरखपुर में बर्थडे गर्ल ने एक युवक को गोली मार दी। दरअसल, युवती अपने दोस्तों के साथ एक मॉडल शाप के पास सड़क पर ही बर्थडे मना रही थी। उसी दौरान उसका परिचित युवक अपने दोस्तों के साथ आ गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। इसके बाद मारपीट होने लगी। इस पर युवती ने तैश में आकर पिस्टल निकाल ली। दोनों के बीच पिस्टल की छीना-झपटी होने लगी, जिसमें गोली चल गई। गोली युवक के ड्राइवर को लगी। इसके बाद युवती और उसके दो साथियों को स्थानीय लोगों ने घेरकर पकड़ लिया। फिर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अंशिका के महंगे शौक ने उसे अपराधी बना दिया। 3 महीने पहले उस पर THAR चोरी की FIR हुई थी। तब से पुलिस उसे ढूंढ रही थी। घटना मंगलवार देर शाम कैंट थाना क्षेत्र में हुई। देखिए 2 तस्वीरें- अब विस्तार से जानिए पूरा मामला अंशिका मूलरूप से हरपुरबुदहट की रहने वाली है। वह सिंघड़िया में किराए के कमरे में रहती है। उसके महंगे रहन-सहन और दोस्तों के साथ घूमने-फिरने के शौक के चलते परिवार ने उससे दूरी बना ली है। महंगे कपड़े पहनना, नए-नए मोबाइल बदलना और दोस्तों के साथ समय बिताना अंशिका के शौक हैं। मंगलवार (20 जनवरी) को अंशिका का बर्थडे था। वह कार से अपने दोस्तों के साथ मॉडल शॉप के पास गई थी। अपने दोस्तों के साथ बर्थडे मना रही थी। उसी वक्त विशाल मिश्रा नाम का युवक अपने 3 दोस्तों अमिताभ निषाद, शैलेश और संदीप के साथ वहां से गुजरा। अंशिका को देखकर वे लोग वहीं रुक गए। विशाल उसके पास गया, तो दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। पुलिस के अनुसार, विशाल को शक था कि अंशिका उसकी पत्नी को अपने साथ रोज-रोज घुमा रही है। इस बात को लेकर दोनों झगड़ रहे थे। बात बिगड़ी, तो गुस्से में आकर अंशिका ने अपने पास रखी पिस्टल निकाल ली। छीना-झपटी में गोली चल गई। गोली विशाल के साथी अमिताभ निषाद के पेट में जा लगी। गोली लगते ही अफरा-तफरी मच गई। अमिताभ को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उधर, भाग रही अंशिका और उसके दोस्तों को लोगों ने घेर लिया। पुलिस ने अंशिका, विशाल और एक अन्य युवक को हिरासत में ले लिया है। इन लोगों से एक पिस्टल भी मिली। महंगे शौक ने अपराधी बनाया, कई पुलिसवालों को फंसा चुकी
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि महंगे शौक के लिए अंशिका अपराधी बनी। वह शहर के एक थानेदार समेत 8 पुलिसकर्मियों को अपने जाल में फंसा चुकी है। कुछ पुलिसकर्मियों ने बदनामी के डर से उसे रुपए भी दे दिए थे। अंशिका के खिलाफ शिकायतें तो मिल रही थीं, लेकिन ठोस सबूत नहीं मिलने की वजह से पुलिस कार्रवाई नहीं कर पा रही थी। मंगलवार देर शाम फायरिंग के मामले में पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस को उसके पास से आपराधिक गतिविधियों से जुड़े अहम सबूत जैसे- पिस्टल, मारपीट के वीडियो आदि मिले हैं। इन्हें पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है। जंगल सिकरी का रहने वाला है अमिताभ
घायल अमिताभ निषाद खोराबार थाना क्षेत्र के जंगल सिकरी बाईपास का रहने वाला है। वह एक नर्सिंग होम के मैनेजर का ड्राइवर है। वारदात के बाद पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी के फुटेज कब्जे में लिए हैं। अंशिका पर 3 महीने पहले THAR चोरी में हुई थी FIR
कैंट सीओ योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया- अंशिका और उसके 6 साथियों के खिलाफ 12 अक्टूबर, 2025 को THAR चोरी करने और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने के मामले में FIR दर्ज की गई थी। गाजीपुर के नोनहरा में रहने वाले चंदन नारायण ने खोराबार पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि अंशिका और उसे साथी दिल्ली से चोरी हुई THAR पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूमते हैं। पुलिस ने इस मामले में 13 अक्टूबर को वनसप्ती तिराहे के पास बड़हलगंज के दोरम्हा निवासी प्रिय प्रवास दुबे उर्फ विक्की और देवरिया के बरहज बाजार निवासी आकाश वर्मा उर्फ बंटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अंशिका समेत 4 अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी। जांच में गाड़ी में 4 फर्जी नंबर प्लेट मिलीं, जिनमें दो हरियाणा, एक बिहार और एक गोरखपुर की थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सितंबर में दिल्ली से गाड़ी किराए पर ली और उसे लेकर भाग गए थे। किराए की THAR को लेकर भाग आए थे आरोपी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंशिका दोस्तों के साथ सितंबर, 2025 में दिल्ली घूमने गई थी। वहीं से THAR किराए पर ली थी, जिसे लेकर भाग आए थे। पकड़े जाने के डर से फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शहर में फर्राटा भर रहे थे। दो साथियों की गिरफ्तारी के बाद अंशिका अंडरग्राउंड हो गई थी। वह अपने साथियों के साथ मॉडल शॉप पर शराब खरीदने के लिए रुकी थी। इसी बीच उसका झगड़ा हो गया, जिसमें अमिताभ को गोली लग गई। उसके पास पिस्टल कहां से आई, इसकी भी जांच की जा रही है। ————————— ये खबर भी पढ़िए- परिवार को मारने वाला कहता- मौत का साया दिख रहा, RO में नींद की दवा मिलाई सहारनपुर की शाश्वत बिहार कॉलोनी के घर में एक ही परिवार के 5 लोगों की लाशें मिलीं। अमीन ने मां, पत्नी और 2 बेटों के माथे पर गोली मारकर सुसाइड कर लिया। 19 जनवरी की रात अशोक ने वाटर प्यूरीफायर में नींद की दवा मिलाई। इसका पानी पीने के बाद परिवार के चारों लोग गहरी नींद में सो गए, जबकि अशोक जागता रहा। पढ़ें पूरी खबर…