बलिया में नकली अल्ट्राटेक सीमेंट का खुलासा:प्रारंभिक जांच में हुआ खुलासा, दोकटी पुलिस ने 25 बोरियां जब्त किया

बलिया के दोकटी थाना क्षेत्र के लालगंज कस्बे में नकली अल्ट्राटेक सीमेंट बेचे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक शिकायत के आधार पर 25 बोरियां संदिग्ध सीमेंट की जब्त की हैं और इस संबंध में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। देखिए 3 तस्वीरें… अब जानिए पूरा मामला अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के लीगल मैनेजर नीरज मिश्रा ने दोकटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कंपनी ने उन्हें नकली उत्पादों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिकृत किया है। 25 फरवरी 2026 को मार्केट सर्वे के दौरान लालगंज कस्बे में स्थित “पाण्डेय इंटरप्राइजेज” दुकान के बाहर रखी सीमेंट की बोरियों पर कंपनी का ब्रांड अंकित पाया गया। प्रारंभिक जांच में ये बोरियां नकली प्रतीत हुईं। पुलिस ने 25 बोरियां जब्त किया शिकायत के आधार पर, दुकान के कर्मचारी ने मालिक का नाम श्याम बिहारी पाण्डेय बताया, जो लालगंज कस्बे के निवासी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 25 बोरियों को जब्त कर थाना परिसर ले आई। जब्ती की औपचारिक कार्रवाई पूरी करने के बाद, बरामद बोरियों में से एक को जांच के लिए नमूने के तौर पर सुरक्षित रखा गया है। इसकी परीक्षण रिपोर्ट का इंतजार है। कॉपीराइट अधिनियम के तहत कार्रवाई पुलिस ने शिकायत पत्र के आधार पर दुकानदार के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63/65 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई बुधवार दोपहर की गई। इस बरामदगी से स्थानीय बाजार में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि निर्माण कार्यों में नकली सीमेंट के उपयोग से गुणवत्ता और सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ सकता है। पुलिस ने उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए ऐसे अभियानों को जारी रखने का आश्वासन दिया है। थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी ने बताया- फर्जी अल्ट्राटेक सीमेंट बरामद किया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस नकली उत्पादों के स्रोत और उनके सप्लाई नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।