बलिया में पत्नी की हत्या, आरोपी पति प्रयागराज में गिरफ्तार:मुंबई भागने की फिराक में था, GRP ने 330 KM पीछा कर पकड़ा

उत्तर प्रदेश के बलिया में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर फरार हुए आरोपी को प्रयागराज पुलिस ने एक फिल्मी स्टाइल ऑपरेशन में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मिथुन साहनी ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के जरिए मुंबई भागने की फिराक में था, लेकिन 330 किलोमीटर की लुका-छिपी के बाद वह जीआरपी के जाल में फंस गया। ​जैसे ही बलिया पुलिस से इनपुट मिला कि हत्या का आरोपी प्रयागराज की ओर आ रहा है, जीआरपी प्रयागराज और छिवकी चौकी अलर्ट हो गई। ट्रेन के छिवकी स्टेशन पहुंचते ही पुलिस की टीम ने ‘सर्च ऑपरेशन’ शुरू किया। हर कोच और संदिग्ध चेहरे की बारीकी से तलाशी ली गई। पुलिस को देख आरोपी ने छिपने की कोशिश की, लेकिन सटीक हुलिए के आधार पर जीआरपी ने मिथुन साहनी को धर दबोचा। ​यह खौफनाक वारदात बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव की है। 27 फरवरी की रात घरेलू विवाद और शराब के नशे में मिथुन ने अपनी पत्नी पार्वती पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए। चोटें इतनी गंभीर थीं कि पार्वती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रूह कंपा देने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी पूरी रात अपनी पत्नी की लाश के पास ही बैठा रहा। सुबह होते ही वह घर से भाग निकला। अगली सुबह जब घर से मिथुन और पार्वती की 5 वर्षीय बेटी के बिलखने की आवाज आई, तो पड़ोसियों को अनहोनी का अहसास हुआ। जब लोग अंदर पहुंचे तो वहां का मंजर देख सन्न रह गए। पार्वती का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा था और पास में ही मासूम बच्ची रो रही थी। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर हत्यारे की तलाश शुरू की। ​बलिया से प्रयागराज की रेल मार्ग से दूरी लगभग 330 किलोमीटर है। आरोपी को लगा था कि वह बलिया की सीमा पार कर सुरक्षित निकल जाएगा, लेकिन सर्विलांस और जीआरपी की मुस्तैदी ने उसकी योजना नाकाम कर दी। प्रयागराज पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को बलिया पुलिस की टीम को सौंप दिया है।