बलिया मैराथन कल सुबह 6:30 बजे से:स्टेडियम से होगी शुरुआत, नाइजीरिया सहित कई देशों के धावक शामिल

बलिया में बाबू मैनेजर सिंह की स्मृति में 28 जनवरी को फुल मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की प्रेरणा से होने वाले इस आयोजन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मैराथन वीर लोरिक स्टेडियम से सुबह 6:30 बजे शुरू होगा। इस मैराथन में 42.195 किलोमीटर की फुल मैराथन शामिल है, जो बैरिया तिराहे पर बाबू मैनेजर सिंह की प्रतिमा पर समाप्त होगी। इसके अतिरिक्त, 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन हल्दी भरसौंता तक आयोजित होगी। 10 किलोमीटर की दौड़ बयासी पुल तिराहा तक और 5 किलोमीटर की दौड़ कदम चौराहा स्थित मंगल पांडेय की प्रतिमा तक होगी। इस वर्ष महिलाओं के लिए भी 5 किलोमीटर की विशेष दौड़ का आयोजन किया गया है। मैराथन संचालन समिति से जुड़े पंकज सिंह ने बताया कि अब तक कुल 3 हजार धावकों ने पंजीकरण कराया है। इनमें भारत के साथ-साथ नाइजीरिया, इथियोपिया और केन्या जैसे देशों के धावक भी शामिल हैं। आयोजकों ने सभी पंजीकृत धावकों के लिए रहने और खाने की व्यवस्था की है। फुल मैराथन के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार राशि दी जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 2.25 लाख रुपए, द्वितीय को 1.25 लाख रुपए और तृतीय को 75 हजार रुपए मिलेंगे। हाफ मैराथन (21 किमी) में प्रथम विजेता को 65 हजार, द्वितीय को 45 हजार और तृतीय को 30 हजार रुपए दिए जाएंगे। 10 किलोमीटर की दौड़ में प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय 15 हजार और तृतीय 10 हजार रुपए निर्धारित है। 5 किलोमीटर की दौड़ के लिए प्रथम विजेता को 11 हजार, द्वितीय को 7 हजार और तृतीय को 5 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।