बहराइच में एक युवक तेंदुए के पिंजरे में फंस गया। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था। पिंजरे के अंदर बकरी बांधी थी, ताकि तेंदुआ जब आए तो वह फंस जाए। लेकिन युवक पिंजरे में बंधी बकरी को चुराने के चक्कर में फंस गया। युवक ने पहले पिंजरे से निकलने का प्रयास किया। लेकिन, जब नहीं खुला तो उसने फोन करके ग्रामीणों को बुलाया। करीब दो घंटे बाद सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने उसे बाहर निकाला। जब उससे पूछा गया कि अंदर कैसे फंसे तो युवक ने कहा- मैं चेक करने आया था। पिंजरा ठीक काम कर रहा है कि नहीं। युवक शराब के नशे में था। 2 दिन पहले इस इलाके में तेंदुए के हमले से एक वृद्ध की मौत हो गई थी। इसके बाद वन विभाग ने पिंजरा लगाया था। मामला फखरपुर थाना क्षेत्र का है। घटना से जुड़ी 2 फोटो देखिए… आइए पूरे मामले को जानते हैं…
उमरी दहलो गांव से करीब 500 मीटर दूर खेतों में पिंजरा लगाया गया था। पिंजरे से गांव निवासी प्रदीप (45 साल) के घर की दूरी 500 मीटर है। गुरुवार की रात करीब 10 बजे शराब के नशे में प्रदीप पिंजरे के पास पहुंचा। पिंजरे में बकरी बंधी थी। लालच में आकर प्रदीप पिंजरे के अंदर चला गया। जैसे ही प्रदीप ने अंदर कदम रखा, पिंजरे का ऑटोमैटिक दरवाजा बंद हो गया। प्रदीप ने खोलने की बहुत कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। बकरी के साथ बंद हुआ प्रदीप प्रदीप काफी देर पिंजरे के अंदर छटपटाता रहा। थक-हारकर प्रदीप ने मोबाइल निकाला और अपने परिचितों को फोन किया। सूचना मिलते ही कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि प्रदीप बकरी के साथ पिंजरे में बंद था। उन्होंने उससे पूछा कि वो अंदर कैसे गया। तो प्रदीप ने कहा- चेक करने आया था। ग्रामीणों ने कहा कि तो क्या अंदर जाकर चेक करोगे। तो प्रदीप ने कहा- और नहीं तो क्या। वनकर्मियों ने बाहर निकाला
गांव वालों ने वन विभाग और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने पिंजरा खोलकर प्रदीप को बाहर निकाला। इस दौरान 2 घंटे तक प्रदीप पिंजरे में फंसा रहा। DFO राम सिंह यादव ने बताया- एक व्यक्ति पिंजरे के अंदर चला गया था, जिसके बाद वह बंद हो गया। जानकारी मिलते ही टीम को मौके पर भेजकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। DFO ने कहा, यह घटना हास्यास्पद जरूर है, लेकिन बहुत जोखिम भरी भी। अगर पिंजरे का भारी गेट किसी अंग पर गिरता तो गंभीर चोट लग सकती थी। अगर उस समय तेंदुआ मौजूद होता तो जान भी जा सकती थी। हम लोगों से बार-बार अपील कर रहे हैं कि पिंजरे के आसपास न जाएं, इससे रेस्क्यू ऑपरेशन में भी बाधा आती है।
————————- ये खबर भी पढ़ें… बजरी भरा डंपर कार पर पलटा, 7 की मौत:सहारनपुर में गाड़ी पिचककर 2 फीट रह गई…बालू में तड़प-तड़पकर दम तोड़ा यूपी के सहारनपुर में शुक्रवार को डंपर बेकाबू होकर कार पर पलट गया। हादसे में 4 साल के बच्चे समेत 7 लोगों की मौत हो गई। डंपर में बजरी भरी हुई थी। रफ्तार तेज होने की वजह से डंपर बेकाबू हो गया और बगल में चल रही कार पर पलट गया। डंपर पर लदी बजरी भी कार पर गिर गई। पूरी कार डंपर और बजरी के नीचे दब गई। 5 फीट की कार 2 फीट की बची। डंपर को 3 क्रेन की मदद से किनारे किया गया। जबकि, बजरी हटाने में लोगों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। तब तक कार सवार तड़पते रहे। बाद में कार की छत काटकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। पूरी खबर पढ़ें…