बागपत के बालैनी क्षेत्र के दत्तनगर गांव की महिला प्रधान ने ग्राम सचिव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रधान ने ग्राम पंचायत के कार्य न करने और लाइट रिपेयरिंग व साफ-सफाई के नाम पर झूठ बोलकर पैसे निकालने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी (DM) से शिकायत की है। ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी के अनुसार, ग्राम सचिव 15 अक्टूबर से ग्राम पंचायत के कार्य नहीं कर रहे हैं। इसके कारण ग्रामीणों को जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक कार्य कराने में परेशानी हो रही है। प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम सचिव ने गांव में लगी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए 55 हजार रुपये और गांव में साफ-सफाई के लिए 40 हजार रुपये के वाउचर पर उनसे झूठ बोलकर हस्ताक्षर करा लिए। इन पैसों को खाते से निकाल लिया गया, लेकिन गांव में कोई भी कार्य नहीं कराया गया। ग्राम प्रधान ने बताया कि जब उन्होंने ग्राम सचिव से इस बारे में बात की, तो सचिव ने कहा कि वाउचरों पर उनके भी हस्ताक्षर हैं, इसलिए वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकतीं। पीड़ित ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी से ग्राम सचिव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, अधिकारियों ने ग्राम प्रधान की शिकायत का संज्ञान लेते हुए इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।