बागपत में प्रॉपर्टी विवाद पर सौतेले भाई का हमला:फैक्ट्री संचालक और बेटे को पीटा, कैमरों में तोड़फोड़

उत्तर प्रदेश के बागपत में संपत्ति विवाद को लेकर एक फैक्ट्री संचालक और उसके बेटे पर सौतेले भाई ने हमला कर दिया। आरोपी अपने साथियों के साथ फैक्ट्री पहुंचा और मारपीट के बाद सीसीटीवी फुटेज की डीवीआर लेकर फरार हो गया। यह घटना बागपत में सामने आई, जहां नसरुद्दीन नामक फैक्ट्री संचालक का अपने सौतेले भाई से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। नसरुद्दीन के अनुसार, उसका सौतेला भाई जबरन उसकी फैक्ट्री और अन्य संपत्तियों पर कब्जा करना चाहता है। आज जब नसरुद्दीन अपनी फैक्ट्री पर मौजूद थे, तभी उनका सौतेला भाई आधा दर्जन से अधिक लोगों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने पहले फैक्ट्री के ताले लगाए और फिर नसरुद्दीन व उनके बेटे के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। भागते समय वे अपने साथ सीसीटीवी फुटेज की डीवीआर भी ले गए, ताकि कोई सबूत न बचे। उन्होंने कैमरे में भी तोड़फोड़ की। इस हमले में नसरुद्दीन और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। फैक्ट्री संचालक नसरुद्दीन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।