बागपत पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश कलीराम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शामली निवासी कलीराम बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में हुई लूट के एक मामले में वांछित था। पुलिस की गोली लगने से उसके पैर में चोट आई है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मुठभेड़ खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में बड़ागांव के समीप ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की। जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में कलीराम को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। बागपत पुलिस अधीक्षक ने कलीराम की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। बागपत पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि लूट के मामले में वांछित चल रहे कलीराम को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खेकड़ा कोतवाली में इस संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।