चुनाव आयोग ने बागपत जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के आंकड़े जारी कर दिए हैं। इन आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 18.15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। जनपद में पहले कुल 9,76,798 मतदाता थे, जो अब घटकर 7,99,499 रह गए हैं। जारी आंकड़ों के मुताबिक, बागपत की बड़ौत विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। विधानसभावार आंकड़ों पर गौर करें तो, छपरौली में पहले 3,37,277 वोट थे, जो अब 2,78,031 हो गए हैं। यहां 17.57 प्रतिशत मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। बड़ौत विधानसभा में पहले 3,08,896 वोट थे, जो अब 2,47,241 रह गए हैं, यानी 19.96 प्रतिशत की सबसे बड़ी कटौती हुई है। इसी तरह, बागपत विधानसभा में पहले 3,30,625 मतदाता थे, जो SIR के बाद 2,74,227 बचे हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में 17.06 प्रतिशत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। चुनाव आयोग ने इन आंकड़ों पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए मतदाताओं को समय दिया है। कोई भी व्यक्ति आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकता है। इसके साथ ही, हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, जिससे मतदाता अपने वोट बनवाने या उसमें किसी भी प्रकार के बदलाव के लिए संपर्क कर सकते हैं।