बाराबंकी के फतेहपुर में डॉक्टर की चलती कार पर फायरिंग:क्लिनिक से घर लौटते समय जंगल क्षेत्र में हुआ हमला, कार का शीशा टूटा

बाराबंकी के फतेहपुर क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक डॉक्टर की चलती कार पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान कार का शीशा टूट गया, हालांकि डॉक्टर सुरक्षित बच गए। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के अमेरा गांव निवासी डॉ. गोविंद झंझरा चौराहे पर क्लिनिक चलाते हैं। सोमवार रात करीब आठ बजे वह क्लिनिक बंद कर अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोहाई मोड़ के पास जंगल क्षेत्र में पहुंचने पर लाल रंग की कार में सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी पर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। डॉ. गोविंद ने किसी तरह अपनी जान बचाई और तत्काल यूपी 112 पर घटना की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि हमलावर फतेहपुर की दिशा में फरार हो गए। सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। मोहम्मदपुर खाला थाना पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद डॉ. गोविंद अपने परिचितों के साथ मोहम्मदपुर खाला थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। इस संबंध में कोतवाल आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।