बाराबंकी के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में एम्बुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना फतेहगंज डेयरी के पास बांदा-बहराइच मार्ग पर हुई, जहां गन्ना लदे ट्रक और लखनऊ से लौट रही एम्बुलेंस की आमने-सामने टक्कर हो गई। एम्बुलेंस परिचालक को मामूली चोटें आईं। हादसा रात करीब 8 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, एम्बुलेंस लखनऊ में मरीज छोड़ने के बाद बस्ती लौट रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहा गन्ना लदा एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर एम्बुलेंस से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में एम्बुलेंस चालक दिनेश भट्ठ (निवासी थाना परसुरामपुर, जिला बस्ती) गंभीर रूप से घायल हो गए। परिचालक रोहन पाण्डेय (पुत्र राकेश पाण्डेय, निवासी थाना जामडीह, जिला बस्ती) को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हैदरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ पहुंचाया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जय शंकर पाण्डेय ने बताया कि चालक दिनेश को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। परिचालक रोहन को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।