बाराबंकी में शादी के बाद दुल्हन गायब:दूल्हे ने 3 बीघा जमीन गिरवी रखकर खरीदे थे जेवर; बिना दुल्हन के लौटी बारात

बाराबंकी में विदाई से ठीक पहले दुल्हन गायब हो गई। देर रात तक सारी रस्में हंसी-खुशी हुईं। जयमाल के बाद दूल्हा-दुल्हन ने साथ में DJ पर डांस किया। इसके बाद 7 फेरे हुए, दूल्हे ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा।बुधवार सुबह विदाई के समय दुल्हन गायब हो गई। दुल्हन के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले को लेकर लड़की और लड़के वालों से पूछताछ की। शादी होने के बावजूद बिना दुल्हन के ही दूल्हा बारात लेकर लौट गया। लड़के पक्ष ने पुलिस में लड़की पक्ष के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस जांच कर रही है। दूल्हे ने कहा- मैंने 3 बीघा जमीन गिरवी रखकर शादी के लिए रुपए की व्यवस्था की थी। लड़की के लिए जेवर खरीदे थे। अब मेरे सारे अरमानों पर पानी फिर गया। मामला कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बे का है। पहले देखिए 3 तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला… बंकी कस्बे के बंशी लाल की बेटी पल्लवी (18) की शादी गांव ददेर निवासी राम कुमार के बेटे सुशील (23) से तय हुई थी। 3 महीने पहले ही रिश्ता पक्का हुआ था। मंगलवार शाम सुशील बारात लेकर गांव पहुंचा। लड़की पक्ष ने बारातियों की भरपूर आवभगत की। बाराती नाचते-गाते दुल्हन पल्लवी के दरवाजे पर पहुंचे। यहां द्वार पूजा की रस्म हुई। देर रात दूल्हा सुशील कुमार और दुल्हन पल्लवी का जयमाल हुआ। शादी की सभी रस्में पूरी हुईं। दोनों ने डीजे पर साथ डांस कर खुशियां भी मनाईं, लेकिन बुधवार सुबह जैसे ही विदाई की तैयारी हुई, तो दुल्हन का कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में भी दुल्हन की तलाश की, लेकिन पल्लवी का कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार दोपहर तक भी दुल्हन का कोई पता नहीं चल सका। आखिरकार दूल्हा सुशील और उसके पिता ने बंकी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी। अंत में बिना दुल्हन के ही बारात को वापस लौटना पड़ा। दूल्हा सुशील ने कहा कि वह इंटर पास है। वह दो भाई हैं। दुल्हन पल्लवी कक्षा आठ तक पढ़ी है। उसके पास कुल तीन बीघा जमीन थी, जिसे उसने शादी के लिए 1 लाख 60 हजार रुपए में गिरवी रख दिया था। इसी पैसे से उसने दुल्हन के लिए जेवर खरीदे थे। बारात में वह 11 गाड़ियां बुकिंग कर लाया था। 90 बाराती शामिल हुए
सुशील ने कहा कि करीब 90 बाराती शादी में शामिल हुए थे। जब दुल्हन के गायब होने की खबर दूल्हा सुशील और उसके परिवार को लगी तो वह सदमे में आ गए। तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। कई घंटों तक तलाशी ली, लेकिन लड़की नहीं मिली। वह शादी को लेकर बेहद उत्साहित था। उसने हाथों पर मेहंदी में दुल्हन पल्लवी का नाम लिखवाया था, लेकिन विदाई की घड़ी से ठीक पहले दुल्हन के अचानक गायब हो जाने से उसकी सारी खुशियां पलभर में मिट्टी में मिल गईं। बंकी चौकी इंचार्ज मिथिलेश चौहान ने बताया- दूल्हे की शिकायत मिली है। लड़की वालों को बुलाकर बात की जा रही है। उच्च अधिकारियों के संज्ञान में भी मामला है। ——————————— ये खबर भी पढ़ें… शादी से 20 दिन पहले किया गर्लफ्रेंड छात्रा का मर्डर, प्रयागराज के शातिर फौजी की कहानी प्रयागराज में फौजी ने 17 साल की छात्रा की हत्या अपनी शादी से 20 दिन पहले कर दी। 10 नवंबर को शहर से 15Km दूर बाग में छात्रा को मारकर लाश को जमीन में गाड़ दिया। 5 दिन बाद कुत्तों ने जमीन खोद डाली। छात्रा के हाथ और सिर के बाल दिखने लगे। यही वो यू-टर्न था, जिससे पुलिस छात्रा की लाश तक पहुंच सकी। पढ़ें पूरी खबर…