बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। शुक्रवार देर रात अज्ञात बाइक सवार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक ने शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच कर रही है। घटना बाबापुरवा मजरे पड़रावां गांव में हुई। मृतक की पहचान इसी गांव के निवासी बंशीलाल (25) पुत्र बिंद्रा प्रसाद के रूप में हुई है। बंशीलाल शुक्रवार रात अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के समीप नाले के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बंशीलाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सिद्धौर ले गए। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर सिद्धौर चौकी इंचार्ज राम प्रकाश मिश्र ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।