बार अध्यक्ष बोले- न खाएंगे और न खाने देंगे:एल्डर्स कमेटी ने नई कार्यकारिणी को सौंपा कार्यभार, महामंत्री ने कहा- एकजुट होकर काम करेंगे

एल्डर्स कमेटी ने बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को सोमवार को कार्यभार दे दिया। कार्यकारिणी ने सर्व सम्मति से बार एसोसिएशन दफ्तर में हर पदाधिकारी के बैठने का स्थान तय कर दिया है। कार्यकारिणी की पहली बैठक में मंगलवार को होली मिलन का कार्यक्रम तय होगा। बार एसोसिएशन की 21 पदाधिकारियों की नई कार्यकारिणी का चुनाव होने के बाद एल्डर्स कमेटी ने बार एसोसिएशन दफ्तर में सोमवार को आम सभा बुलाई थी। आम सभा में बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी को कार्यभार सौंपा गया। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन उमाशंकर गुप्ता ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिए। अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार अवस्थी ने कहा कि किसी भी तरह का भ्रष्टाचार नहीं होने दिया जाएगा। मुस्कुराते हुए कहा कि न खाएंगे और न किसी को खाने देंगे। अधिवक्ताओं के हित में काम होंगे, चुनाव में किए गए वादे पूरे होंगे। महामंत्री बिनय कुमार मिश्रा ने कहा कि पूरी कार्यकारिणी एकजुट होकर काम करेगी। नई कार्यकारिणी ने कार्यभार संभाल लिया है। जल्द शपथ ग्रहण समारोह की तिथि तय होगी।