बिजनौर में आवारा कुत्ते ने बच्चे पर हमला किया:बचाने आए पिता को भी काटा, अस्पताल में भर्ती, दुकान से सामाने लेने जा रहे थे

बिजनौर के मंडावर में देर शाम एक आवारा कुत्ते ने एक बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे को बचाने पहुंचे उसके पिता भी कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पिता को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना मंडावर के मोहल्ला फराशटोली की है। मोहल्ला निवासी वकार अहमद अपने पुत्र जैद के साथ किराना स्टोर से कुछ सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने जैद पर हमला कर दिया। बेटे पर हमला होते देख वकार अहमद उसे बचाने के लिए कुत्ते से भिड़ गए। कुत्ते ने वकार पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मोहल्लेवासियों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल वकार को मंडावर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आवारा कुत्तों के आतंक को लेकर रोष है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर पंचायत मंडावर ने हाल ही में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए एक अभियान चलाया था, लेकिन इसका कोई खास परिणाम सामने नहीं आया है। उन्होंने नगर पंचायत से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की है।