मेरठ के किठौर क्षेत्र में विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर अवैध वसूली और धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। किठौर कस्बे के मोहल्ला उपादियान निवासी सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद आसिफ पुत्र ताहिर ने इस संबंध में मेरठ एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की है। आसिफ का आरोप है कि बीते 31 अक्टूबर को किठौर के विद्युत विभाग के जेई और उनके साथ मौजूद लाइनमैन नासिर, कलवा, तालिब तथा ईश्वर पाल बहरोड़ा रोड क्षेत्र में चेकिंग के बहाने लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाओं की रिकॉर्डिंग पिछले 6-7 दिनों से की जा रही है। प्रार्थी के अनुसार, जब उन्होंने जेई से इस संबंध में बात की तो जेई ने उन्हें भी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद गांव के कुछ लोगों पर झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया गया। आसिफ ने आरोप लगाया कि विभाग के कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं और घर-घर सीढ़ी लगाकर छतों पर चढ़ जाते हैं, जिससे कस्बे में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने आशंका जताई कि इस लापरवाही से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। सामाजिक कार्यकर्ता आसिफ ने गुरुवार को मेरठ एसएसपी विपिन ताड़ा से शिकायत करते हुए बताया कि इस मामले में थाना किठौर में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन थाना पुलिस ने उल्टा उन्हीं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। आसिफ ने एसएसपी से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उन पर दर्ज मुकदमे को समाप्त करने की गुहार लगाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की चेकिंग के नाम पर इस तरह की मनमानी से जनता में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने भी इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।