संभल में बिजली विभाग ने एक कुष्ठ आश्रम की बिजली काट दी है, जिससे वहां रहने वाले आठ परिवारों को अंधेरे और पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बिजली बहाली के लिए पहले मीटर लगवाने की शर्त रखी है। घटना संभल कोतवाली क्षेत्र के चंदौसी रोड स्थित गोमासती तीर्थ के कुष्ठ आश्रम में मंगलवार दोपहर 2 बजे हुई। बिजली विभाग की टीम ने खंभे से सीधे डाली गई बिजली की लाइन काट दी। बिजली कटने के बाद आश्रम में रहने वाले कुष्ठ रोगियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई है, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित हुई है। कुष्ठ रोगी अपनी बिजली जुड़वाने के लिए बिजली घर पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि मीटर लगने के बाद ही बिजली बहाल की जाएगी। शहर के लोगों ने भी अधिकारियों से संपर्क कर बिजली जुड़वाने का प्रयास किया, लेकिन रात 9 बजे तक भी आश्रम की बिजली चालू नहीं हो पाई। यह दिव्य सेवा आश्रम हिंद स्पोर्ट स्टेडियम की ओर से बनवाया गया था, जहां पहले कच्चे मकान थे। इसका उद्घाटन मुरादाबाद मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने किया था, और इसके निर्माण में तत्कालीन एसडीएम विनय कुमार मिश्रा व सुनील कुमार त्रिवेदी सहित संभल के लोगों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा था। इस मामले पर विद्युत विभाग संभल के एक्सईएन और एसडीओ सिटी सहित अन्य अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके फोन रिसीव नहीं हुए। राजेश पुत्र पूरन अपनी पत्नी राजबाला के अलावा दीपक (22 वर्षीय) नैना (18 वर्षीय) राज (14 वर्षीय) के साथ रहता है। रामप्रसाद पुत्र श्यामलाल अपनी पत्नी कौशल्या के अलावा 22 वर्षीय बेटी चांदनी के साथ रहता है जबकि उसकी दो बेटी रोशनी एवं अंजलि की शादी हो चुकी है। रामस्ता पुत्र मोचीराम हस्ता अपने दो बेटे राजेश हस्त (22 वर्षीय) एवं मुगल हस्त (18 वर्षीय) के साथ रहता है और राजू पुत्र मनोहर कश्यप अपनी पत्नी उषा देवी के अलावा रोहन (16 वर्षीय) एवं राधिका (12 वर्षीय) के साथ रहता है।