मेरठ के होटल कन्वे में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला शातिर चोर पुलिस के लिए पहेली बनता जा रहा है। उसके शातिराना दिमांग ने सभी को हैरत में डाला हुआ है। अभी तक की छानबीन में सामने आया है कि शातिर चोर जिस रूप में कमरे में घुसा, बाहर उस रूप में निकला ही नहीं। क्राइम ब्रांच, एसओजी के अलावा सर्विलांस समेत पांच टीमें 20 किलोमीटर के दायरे में शातिर चोर का सुराग ढूंढने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस अफसरों के पास फिलहाल इस मामले से जुड़ा कोई अपडेट नहीं है। पहले एक नजर डालते हैं वारदात पर सीरियल निर्माता सिद्धार्थ कुमार तिवारी 5 मार्च की शाम मेरठ के दिल्ली रोड स्थित होटल द कान्वे के कमरा नंबर 507 में रुके। उनके द्वारा कुल चार कमरे बुक किए गए थे। अन्य तीन कमरे उनके साथ आई टीम के सदस्यों के लिए थे। सुबह उठे तो पाया उनके कमरे में चोरी हो गई है। चोर उनकी स्विस वॉच के अलावा आईपैड, लैपटॉप, जूते, कैप, कपड़े के साथ ही लगभग 25 हजार रुपये की नकदी भी ले गए। अब जानिए कौन हैं सिद्धार्थ कुमार तिवारी
सिद्धार्थ कुमार तिवारी बड़े-बड़े माइथोलॉजिकल शो के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर रहे हैं। वह स्वास्तिक प्रोडक्शन हाउस के मालिक भी हैं। उन्होंने महाभारत, सूर्यपुत्र कर्ण, राम सिया के लव कुश और राधा-कृष्णा के अलावा श्रीमद् रामायण जैसे धार्मिक शोज बनाकर अपनी एक अलग पहचान तैयार की है। मेरठ में वह अपने अगले सीरियल के सिलसिले में आए थे। उनको कुछ लोकेशन बताई गईं थी, जिन्हें वह देखने वाले थे। ताकि जल्दी शूटिंग शुरु कर सकें। लखनऊ से घनघनाया फोन, दौड़ी पुलिस
मामला शहर के एक प्रतिष्ठित होटल का था। इसलिए सिद्धार्थ कुमार तिवारी के कमरे में हुई चोरी को पहले गोपनीय रखने का प्रयास किया गया। पुलिस का रवैया देख सिद्धार्थ ने लखनऊ में बैठे एक बड़े पुलिस अधिकारी से संपर्क साधा। दरअसल, यह फोन मुंबई से ही पहले लखनऊ किया गया था। जहां से सिद्धार्थ से संपर्क किया गया। इसके बाद मेरठ में बैठे पुलिस अधिकारियों के फोन घनघना उठे। थाना ब्रह्मपुरी पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम, क्राइम ब्रांच व एसओजी भी पहुंचकर जांच में जुट गई। पार्किंग के रास्ते होटल में घुसा शातिर
पुलिस इस मामले में मीडिया से दूरी बनाए हुए है। दरअसल, उनके पास 80 घंटे से ज्यादा बीतने के बाद भी किसी सवाल का कोई जवाब नहीं है। पुलिस सूत्रों की मानें तो शातिर चोर पास की एक पार्किंग के रास्ते होटल की लॉबी में पहुंचा और सीधे कमरे में घुस गया। CCTV में वह दिखाई भी दिया है। बाहर निकलने के लिए उसने दूसरा रास्ता अपनाया। सिद्धार्थ के लुक में निकला बाहर
वारदात के लिए चोर ने अच्छा खासा होमवर्क किया था। वह होटल कन्वे की लॉबी से कमरा नंबर 507 में पहुंचा। वह जानता था कि सिद्धार्थ ने AC की शिकायत दर्ज कराई है और कमरा खुला है। इसलिए आधी रात को वह नंगे पैर कमरे में घुसा। तकरीबन 17 मिनट से ज्यादा अंदर रहा और बाहर निकला तो सिद्धार्थ तिवारी के लुक में। इसका मतलब यह है कि उसने सिद्धार्थ पर भी अच्छा खासा काम किया था। सबसे चौकाने वाली बात यह है कि होटल में 84 कमरे हैं लेकिन वह जानता था कि सिद्धार्थ कमरा नंबर 507 में रुका है। 10 किलोमीटर के दायरे में सर्च
परतापुर में आरोपी कुछ CCTV कैमरों में दिखाई पड़ा है। उसने सिद्धार्थ के कपड़े, जूते, टोपी पहनी है। टोपी के कारण चेहरा भी दिखाई नहीं पड़ रहा। होटल से उस स्पॉट की दूरी करीब 6.5 किलोमीटर है। बात करें तो बहुत कम समय में वह पैदल परतापुर पहुंच गया। इसका मतलब शातिर चोर की फिटनेस भी पुलिस को चुनौती देने वाली है। फिलहाल 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले CCTV कैमरे चिह्नित कर उसकी वास्तविक पहचान करने का प्रयास हो रहा है।