बिल पास न करने पर ठेकेदार ने SDO को पीटा:फतेहपुर में चैंबर में घुसकर हमला, गंभीर रूप से घायल

फतेहपुर में बिल पास न करने पर एक ठेकेदार और उसके साथियों ने विद्युत विभाग के एसडीओ (प्रथम) अमित शर्मा के चैंबर में घुसकर उनकी पिटाई कर दी। इस हमले में एसडीओ घायल हो गए। पुलिस ने एसडीओ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के बुलेट चौराहा स्थित अधिशाषी अभियंता विद्युत खंड प्रथम कार्यालय में हुई। एसडीओ अमित शर्मा अपने कार्यालय में सरकारी काम निपटा रहे थे, तभी ठेकेदार बलराम सिंह (प्रयागराज), पप्पू सिंह (फतेहपुर) और पिंटू सिंह (कौशांबी) उनके चैंबर में घुस आए। आरोप है कि तीनों ने एसडीओ पर बिल पास करने का दबाव बनाया। जब एसडीओ शर्मा ने काम की जांच के बाद ही हस्ताक्षर करने की बात कही, तो वे आग बबूला हो गए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। विरोध करने पर तीनों ने जान से मारने की नीयत से एसडीओ पर डंडे और मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आईं। एसडीओ की चीख-पुकार सुनकर मलवां उपकेंद्र में तैनात अवर अभियंता अनूप कुमार उन्हें बचाने पहुंचे, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद कार्यालय के स्टाफ और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्होंने किसी तरह एसडीओ और अवर अभियंता को बचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल एसडीओ अमित शर्मा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्टाफ सदस्यों कमलेश कुमार, राजीव कुमार, फईम उल्ला, सुंदर यादव (अवर अभियंता) और राम बाबू (लाइनमैन) ने घटना देखी।