फर्रुखाबाद पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एक बयान में कहा कि बिहार में (NDA) की सरकार बनेगी और नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में चुनाव मुख्यमंत्री के चेहरे पर ही लड़ा जा रहा है। पार्टी अपने कार्यक्रमों और अभियानों को लेकर लगातार जनता के बीच जा रही है। 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ के संकल्प को लेकर घर-घर जाकर लोगों से स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करने का आग्रह किया जा रहा है, जो भारत में बनी हों और जिनमें भारतीय श्रम लगा हो। सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर से ‘एकता दिवस’ कार्यक्रम शुरू हुआ है। सरकार ने 31 अक्टूबर को उनके जन्मदिन को ‘एकता दिवस’ के रूप में घोषित किया है। जिला मुख्यालयों पर ‘रन फॉर यूनिटी’ के बड़े कार्यक्रम जन भागीदारी से आयोजित किए गए। अगले चरण में प्रत्येक विधानसभा में 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अलावा समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल होंगे। पदयात्रा के माध्यम से सरदार पटेल के देश के एकीकरण, अखंडता और नक्शे में उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त, 7 नवंबर से वंदे मातरम गायन के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता सामूहिक रूप से एकत्र होकर वंदे मातरम का गायन करेंगे, जिसके लिए स्थान भी चिन्हित कर लिए गए हैं। पार्टी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मना रही है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू किए गए मतदाता सूची सुधार (SIR) अभियान में भी पार्टी सक्रिय भूमिका निभाएगी। इसका उद्देश्य योग्य और पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराना तथा अयोग्य व फर्जी मतदाताओं के नाम हटाना है, ताकि लोग पारदर्शी सूची के साथ मतदान कर सकें। इसे लेकर पार्टी जन-जन तक जाएगी। बिहार चुनाव प्रचार में गए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा भाजपा को “इस्तेमाल करने वाली पार्टी” बताए जाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हो या अन्य विपक्षी दल, सभी का एजेंडा नकारात्मक है। ये लोग समाज को भ्रमित करने का काम करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, नीतीश कुमार जी के 20 वर्षों के काम और एनडीए गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी है। पार्टी नीतीश जी के नेतृत्व और उनके चेहरे पर चुनाव लड़ रही है। वही मुख्यमंत्री पद के चेहरा हैं, और सरकार बनने पर वही मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार ने जिस प्रकार बिहार को बदला है, वह अभूतपूर्व है। एक समय था जब बिहार में अराजकता, जातीय हिंसा और नरसंहार की घटनाएं होती थीं, जिससे बड़ी संख्या में लोग पलायन करने को मजबूर थे। आज बिहार तेजी से विकास की राह पर है। बदलते हुए बिहार में व्यवस्था, शिक्षा, सड़क, बिजली और रोज़गार के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी जनता के बीच जनजागरण अभियान चला रही है और नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव मैदान में है। “हम नीतीश जी के चेहरे पर चुनाव लड़ रहे हैं, वही राज्य के मुख्यमंत्री होंगे,” उन्होंने दोहराया। अपराध पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी सांसद इकरा हसन के बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और उसकी सरकारें संविधान और कानून के अनुसार काम करती हैं। हमारी प्राथमिकता अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। जो अपराध करेगा, उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। बुलडोजर की कार्रवाई भी उसी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें अपराधियों को संरक्षण देती थीं, जबकि भाजपा की नीति जीरो टॉलरेंस की है। भाजपा किसी के साथ भेदभाव नहीं करती। “हम देश के 140 करोड़ लोगों के हित में काम कर रहे हैं। सबका साथ, सबका विकास ही हमारी सरकार का मूल मंत्र है।