बीजेपी सरकार के डिब्बे में आपस में लड़ रहे:पूर्व एमएलसी का मंत्री-विधायक विवाद पर तंज, कहा- भाजपा कार्यकर्ता घुटन महसूस कर रहे

हरदोई में समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व एमएलसी राजपाल कश्यप ने योगी सरकार की कानून-व्यवस्था, एनकाउंटर और बुलडोजर नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हरदोई स्थित सपा कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान ये आरोप लगाए। कश्यप ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट की हालिया टिप्पणियों के बाद सरकार की ‘एनकाउंटर पॉलिसी’ खुद ही सवालों के घेरे में आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार फर्जी एनकाउंटर कर वाहवाही लूटने का प्रयास कर रही है। सपा नेता ने दावा किया कि राज्य में हत्या, लूट और महिलाओं के खिलाफ अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने मेरठ में कश्यप समाज के युवक को जिंदा जलाए जाने की घटना का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या भाजपा शासन में हिंदू सुरक्षित हैं। उन्होंने मैनपुरी और हरदोई की घटनाओं का भी हवाला दिया। बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए राजपाल कश्यप ने कहा कि सरकार का बुलडोजर जाति और धर्म देखकर चलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न्यायपालिका की आड़ में पक्षपातपूर्ण कार्रवाई कर रही है। सामाजिक न्याय के मुद्दे पर कश्यप ने स्पष्ट किया कि सपा दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए लड़ रही है। उन्होंने भाजपा के भीतर जारी अंतर्कलह पर तंज कसते हुए कहा कि अब केवल ‘डबल इंजन’ ही नहीं, बल्कि सरकार के ‘डिब्बे’ (मंत्री और विधायक) भी आपस में भिड़ रहे हैं। कश्यप ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता घुटन महसूस कर रहे हैं और यदि अखिलेश यादव दरवाजा खोल दें, तो दिल्ली तक की सरकार गिर जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।