बीबीडी एजूकेशनल ग्रुप में चल रहे तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव उत्कर्ष-2026 के दूसरे दिन कैंपस प्रतिभा, तकनीक और रंगारंग प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया। 26 से 28 फरवरी तक आयोजित इस महोत्सव में छात्रों ने तकनीकी, सांस्कृतिक, खेल, साहित्य, होटल मैनेजमेंट और ललित कला की प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
तकनीकी इवेंट्स में आईकेएस-इंडियन नॉलेज सिस्टम, ट्रेडिशनल टू टेक ऐप डेवलपमेंट, रोबो मैराथन, रोबोकॉन और लाइन फॉलोअर खास आकर्षण रहे। अंधेरे में रास्ता खोजते रोबोट और पिक एंड प्लेस प्रतियोगिता में वस्तुओं को सटीक स्थान पर पहुंचाते मॉडल्स ने सभी को चौंकाया। लाइट फॉलोअर और थिंक टैंक में भी छात्रों की तकनीकी समझ झलकी। संस्कृति में विरासत की गूंज सांस्कृतिक मंच पर ‘साइलेंट इकोज’ माइम के जरिए रामायण और घरेलू हिंसा जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। ‘ड्रामा जंक्शन’ में विरासत से विकास तक थीम पर नाटक ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। स्ट्रीट डांस, राग रतन, तरंग पैरोडी, राइम रंबल और फैशन शो ने माहौल को जीवंत बना दिया। मिस्टर एंड मिस उत्कर्ष के टैलेंट राउंड में प्रतिभागियों ने कला और बुद्धिमत्ता से खिताब की दौड़ को रोचक बनाया। साहित्य और खेल में दिखा उमंग काव्य संध्या, तरन्नुम-ए-गजल, उर्दू मुशायरा, आईडिया मंथन और विचार गोष्ठी में छात्रों ने अपने विचार दमदार अंदाज में रखे। खेल प्रतियोगिताओं में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, कबड्डी, एथलेटिक्स और शतरंज में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विजेताओं को जिला समाज कल्याण अधिकारी अंजनी सिंह और जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अभिषेक कुमार ने सम्मानित किया। छात्रों ने विरासत से आधुनिकता मॉडल्स पेश की होटल मैनेजमेंट छात्रों की मॉकटेल, स्नैक्स और ‘विरासत-ए-मिठास’ प्रतियोगिता ने जजों का दिल जीता। एनएसएस और आर्किटेक्चर छात्रों ने विरासत से आधुनिकता तक की झलक मॉडल्स और फाइन आर्ट्स प्रदर्शनी में पेश की, जिसमें सोलर पैनल और मॉडर्न हाउस डिजाइन विशेष आकर्षण रहे।