यूपी में होलिका दहन हो चुका है। चंद्रग्रहण की वजह से भले ही मंगलवार को लोग रंग नहीं खेल रहे, लेकिन मूड होली वाला ही है। गोंडा में पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह ने रंग बरसे भीगे चुनर वाली… गाने पर जमकर डांस किया। इस दौरान उन्होंने गले में गमछा डाला और पूरे गाने के दौरान उसे हिलाते रहे। बृजभूषण ने अपने घर पर थारू जनजाति होली उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें बलरामपुर, श्रावस्ती से थारू समाज के लोग शामिल हुए। इधर, बिजनौर से भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी ने अपने पति ऐश्वर्य चौधरी के साथ होली मिलन कार्यक्रम में जमकर डांस किया। दोनों ने एक-दूसरे पर खूब गुलाल फेंका। सुचि मौसम 2017 में यूपी की सबसे कम उम्र की विधायक चुनी गई थीं। सपा प्रमुख अखिलेश ने भी अपने पुराने साथी और अब दिल्ली में भाजपा सांसद मनोज तिवारी को होली स्टाइल में विश किया। आखिरी में लिख दिया- पुराना हमजोली है, बुरा न मानो होली है। वहीं, संभल की जामा मस्जिद समेत पश्चिमी यूपी की ज्यादातर मस्जिदों को तिरपाल से ढक दिया गया है, जिससे उन पर रंग न पड़े। फिरोजाबाद में चर्चित ASP अनुज चौधरी ने फोर्स के साथ फ्लैग मार्च किया। कहा- हुड़दंग मत कीजिएगा, वरना एक्शन लेंगे। सीएम योगी ने भी होली से पहले अफसरों के साथ रिव्यू मीटिंग की। इसमें माहौल बिगाड़ने वालों को चेतावनी दी। कहा- कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। होली पर ‘रंग में भंग’ डाला, तो पुलिस सख्ती से निपटेगी। उपद्रवियों पर ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जो नजीर बने। डीजे पर अभद्र गीत-संगीत नहीं बजना चाहिए। तस्वीरें देखिए- यूपी में होली से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…