बेटी की शादी के 7 दिन पहले मां-पिता की मौत:संतकबीर नगर में शादी की खरीदारी करके लौट रहे थे, ट्रक ने रौंदा

संतकबीर नगर में बेटी की शादी के 7 दिन पहले माता-पिता की मौत हो गई। दोनों शादी की खरीदारी करने गए थे। लौटते समय तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। राहगीरों ने उन्हें पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय पति-पत्नी खलीलाबाद रिजर्व पुलिस लाइन के पास खड़े होकर बस का इंतजार करने लगे। तभी गैस सिलेंडर से भरा एक ट्रक दोनों को कुचल दिया। घटना गुरुवार शाम खलीलाबाद की है। अब पढ़िए पूरा मामला… बभनी गांव के ओंकार (55) गोरखपुर में बिजली विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। घर में पत्नी कुशलावती (50) दो बेटियां और दो बेटे रहते थे। दो बेटियों की पहले शादी कर चुके हैं। तीसरी बेटी मनीषा (20) की शादी 21 नवंबर को झुड़िया के कटया गांव के रहने वाले मनीष से तय हुई है। परिवार शादी की तैयारी में जुटा था। शादी के कार्ड बंट चुके थे। शादी की तैयारी को लेकर ओंकार गुरुवार सुबह अपनी पत्नी के साथ अपने गांव से 20 किमी दूर खलीलाबाद मार्केट में गए थे। वहां बेटी को देने के लिए साड़ी, कपड़े और कुछ गहने भी खरीदे। सामान खरीदने के बाद घर लौटने लगे तभी यह हादसा हो गया। बेटी बोली- मेरे मम्मी पापा को मत ले जाइए
ओंकार की बेटी मनीषा मां-पिता का शव देखते ही बेहोश हो गई। थोड़ी देर बाद जब होश आया तो रोते हुए बोली- आप दोनों चले गए, अब मेरा कन्यादान कौन करेगा। उसे रोते देख- आस-पास के लोग भी रोने लगे। आप लोग जा रहे थे, तो मुझे भी साथ ले जाते। अकेले सामान खरीदने क्यों चले गए। हम अब किसके सहारे रहेंगे। भैया लोग को कौन देखेगा। वापस आ जाइए। लाश ले जाते देख बोली मेरे मम्मी पाप को मत ले जाइए। दोनों खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दोनों सड़क के किनारे खड़े थे। उनके हाथ में झोला और सामान था। तभी तेज रफ्तार ट्रक आया और दोनों को कुचल दिया। देखते ही हम मौके पर पहुंचे। ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। दोनों खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। कोतवाल प्रभारी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना करने वाले ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ……………………………. ये खबर भी पढ़ें… मां ने 10 महीने के बेटे को चूल्हे में डाला, सोनभद्र में जिंदा जला मासूम, खुद भी फंदे से लटकी; पति से फोन पर झगड़ा हुआ था सोनभद्र में एक मां ने अपने 10 महीने के बेटे को जलते चूल्हे में झोंक दिया। चूल्हे की आग में मासूम तड़प-तड़पकर जिंदा जल गया। बच्चे को मारने के बाद महिला ने खुद फंदे से लटकर अपनी जान दे दी। सुबह परिजन उठे तो देखा कि घर के बरामदे में रखे चूल्हे में मासूम का अधजला शव पड़ा था। पढ़ें पूरी खबर…