बैंक मैनेजर की पत्नी की कुचलकर मौत, 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड:नो एंट्री में ट्रक ने स्कूटी को रौंदा, बरेली में लाश सड़क से चिपक गई

बरेली में बुधवार को स्टेडियम रोड पर ट्रक ने बैंक मैनेजर की पत्नी को कुचल दिया था। हादसे में उनकी मौत हो गई थी। एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले की जांच एसपी ट्रैफिक मुहम्मद अकमल को सौंपी थी। रिपोर्ट में पुलिसकर्मियों की लापरवाही पाए जाने पर ट्रैफिक दरोगा समेत 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। वहीं, होमगार्ड और 2 पीआरडी जवानों पर विभागीय कार्रवाई का आदेश जारी किया गया। SSP ने कहा कि नो एंट्री में भारी वाहन को जाने देना ड्यूटी में गंभीर लापरवाही है। उन्होंने ट्रैफिक प्वाइंट्स को मजबूत करने और स्टेडियम रोड से डेलापीर तिराहे तक कड़ी निगरानी के निर्देश भी दिए। 100-200 रुपए लेकर गाड़ियों की एंट्री कराते हैं पुलिसकर्मी सूत्रों के मुताबिक, डेलापीर तिराहे पर तैनात ट्रैफिक पुलिस ट्रक ड्राइवरों से वसूली करती है। 100-200 रुपए देकर ट्रक वाले भी नो एंट्री में घुस जाते हैं। बुधवार को भी रोज की तरह ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर सतनाम सिंह, सिपाही सोनू कुमार, सौरभ, महिला सिपाही अंजू रानी की ड्यूटी लगी थी। हादसे के वक्त ड्यूटी पर होमगार्ड प्रभुदयाल, रामरतन और पीआरडी जवान मान सिंह व धर्मपाल भी तैनात थे। SSP ने इन पर भी कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड और जिला युवा कल्याण अधिकारी को पत्र भेजा है। डेलापीर तिराहे पर भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि ट्रक घटना स्थल तक कैसे पहुंचा। पत्नी को दवा दिलाने जा रहे थे बैंक मैनेजर रिटायर बैंक मैनेजर मुकेश अग्रवाल (65) बुधवार दोपहर अपनी पत्नी सुनीता अग्रवाल (62) को स्कूटी से दवा दिलाने जा रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे जैसे ही वे मॉडल टाउन स्थित स्टेडियम रोड पर एके आई हॉस्पिटल के पास पहुंचे। तभी नो एंट्री में घुसे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी दूर जा गिरी। दंपती भी उछलकर सड़क पर गिरे। गिरते ही सुनीता ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आ गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पति मुकेश अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। उनका अभी भी आईसीयू में इलाज चल रहा है। घायल मुकेश अग्रवाल आशापुरम कॉलोनी के रहने वाले हैं। उनका घर घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। हंगामे के बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया था। इसके बाद महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। ———————————- ये खबर भी पढ़ेंः- गाजियाबाद में बड़े ज्वैलर्स की दिनदहाड़े हत्या:दुकान में घुसकर आंखों में मिर्ची पाउडर डाला, चापड़ से 12 वार किए; बेटे ने हत्यारे को पकड़ा गाजियाबाद में दिनदहाड़े सर्राफा कारोबारी की हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह 9.15 बजे बाजार में गिरधारी लाल वर्मा (75) अपनी दुकान खोलकर अंदर बैठे थे, तभी लूट के इरादे से आरोपी अंकित गुप्ता (30) आया। मिर्ची पाउडर डालने की कोशिश की, तभी कारोबारी उससे भिड़ गए। पढ़ें पूरी खबर….