उन्नाव में सोमवार को माखी थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव के पास बोर्ड परीक्षा सामग्री लेकर जा रही एक डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार डीसीएम हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा से संबंधित सामग्री लेकर लौट रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला गया। घायल चालक को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल उन्नाव पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार चालक को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त ने स्पष्ट किया कि दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम में प्रश्नपत्र नहीं थे। उन्होंने बताया कि गाड़ी परीक्षा सामग्री उतारकर खाली वापस लौट रही थी, उसी दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र पूरी तरह सुरक्षित हैं और परीक्षा व्यवस्था पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। पुलिस ने वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित हैं।