देवरिया नगर में शनिवार को भटवलिया स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर मरम्मत एवं तकनीकी कार्य किया जाएगा। बेहतर और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्य प्रस्तावित है। इसके चलते उपकेंद्र से जुड़े प्रमुख फीडरों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। विद्युत विभाग के अनुसार, भटवलिया उपकेंद्र से निकलने वाले कचहरी, मंडी, नाथनगर, वाटर वर्क्स, नार्थ और साउथ फीडर की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इन फीडरों से शहर के लगभग पांच दर्जन मोहल्लों और आसपास के गांवों में बिजली पहुंचती है। मरम्मत कार्य के कारण शनिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक, यानी लगभग चार घंटे, विद्युत आपूर्ति ठप रहेगी।विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले पानी भरने, मोबाइल चार्ज करने और अन्य आवश्यक घरेलू कार्य पूरे कर लें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह शटडाउन तकनीकी सुधार, लाइन सुदृढीकरण और भविष्य में निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। अधिशासी अभियंता चंद्रमा प्रसाद ने बताया कि यह मरम्मत कार्य उपभोक्ताओं के हित में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया।