भदोही में बीएसए ने 6 नवंबर 2025 को कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। इनमें कंपोजिट विद्यालय वारी, प्राथमिक विद्यालय पकरी खुर्द प्रथम, प्राथमिक विद्यालय महजूदा, प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय भिदौरा और प्राथमिक विद्यालय कंसापुर द्वितीय शामिल थे। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए पांच शिक्षकों का वेतन और मानदेय भुगतान रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। कंपोजिट विद्यालय वारी में प्रार्थना सभा के दौरान तीन अध्यापक और दो शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय पकरीखुर्द प्रथम में भी एक शिक्षामित्र अनुपस्थित पाए गए। इन सभी की अनुपस्थिति तिथि का वेतन/मानदेय प्रतिबंधित कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। बीएसए ने कंपोजिट विद्यालय वारी में कार्यरत अध्यापकों से विद्यांजलि योजना, बिल्ड्थान रिपोर्ट, विकसित भारत सुझाव, इको क्लब का गठन, वीरगाथा काल, फैमिली आईडी, डीबीटी की प्रगति रिपोर्ट और एसएमसी की बैठक सहित विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। हालांकि, अध्यापकों द्वारा दिए गए उत्तर संतोषजनक नहीं पाए गए और कुछ योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी ठीक नहीं मिली। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कड़ी चेतावनी के साथ नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में कुल नामांकित छात्र संख्या के सापेक्ष उपस्थिति 80% से कम पाई गई। छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, विद्यालय परिसर में कहीं-कहीं साफ-सफाई का अभाव भी दिखा। टाइम एंड मोशन के निर्देशों के अनुसार कक्षा-कक्षों के संचालन के लिए सभी कार्यरत अध्यापकों को निर्देशित किया गया।