आगरा में रायभा टोल प्लाजा पर विधायक लिखी कार में बैठे युवक ने टोल कर्मी के साथ मारपीट की। मारपीट करने वाला युवक फतेहपुर सीकरी के विधायक चौ. बाबूलाल के बेटे सुरेश हैं। मारपीट के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक कार से उतरता है। इसके बाद कर्मचारी उससे कुछ कहता है। इसके बाद युवक उसको थप्पड़ जड़ देता है। युवक गाड़ी पर लगे वीआईपी पास की धौंस दिखा रहा था। मामला रायभा टोल प्लाजा का है। 2 तस्वीरें देखिए… अब जानिए पूरा मामला
घटना मंगलवार दोपहर की है। विधायक लिखी गाड़ी रायभा टोल प्लाजा पर फरह की तरफ से ग्वालियर की तरफ जा रही थी। गाड़ी पर फास्टैग नहीं लगा था। गाड़ी पर वीआईपी पास लगा होने के बाद भी करीब दो मिनट तक बैरियर नहीं उठाया गया। इस पर गाड़ी से उतरकर युवक ने टोल कर्मचारी संजय सिंह निवासी दौरेठा आगरा के साथ मारपीट की। कर्मचारी के गाल पर थप्पड़ मारे। पूरी घटना वीडियो में कैद हो गई। बताया गया कि गाड़ी में फतेहपुर सीकरी भाजपा विधायक चौ. बाबूलाल के पुत्र सुरेश, उनकी पत्नी और बच्चे बैठे हुए थे। इस संबंध में रायभा टोल प्रशासन ने चुप्पी साध ली है। उन्होंने कुछ भी कहने से कार कर दिया है। विधायक ने कहा- टोल प्लाजा कर्मचारी ने की अभद्रता
भाजपा विधायक चौ. बाबूलाल ने बताया- टोल प्लाजा कर्मचारी द्वारा बेटे के साथ अभद्रता की गई। बेटे ने अपना परिचय दिया। उनसे कहा कि गाड़ी पर विधानसभा का स्टीकर लगा है। उन्होंने मुझसे फोन पर बात कराने का भी प्रयास किया, लेकिन टोल प्रशासन ने उनकी बात नहीं सुनी। बेटे को उकसाया गया। जब एक जनप्रतिनिधि के साथ ऐसी हरकत की गई तो आम जनता के साथ क्या होता होगा। ये सब उनके विरोधियों की साजिश है। उनके द्वारा ही वीडियो वायरल कराया गया। आधार कार्ड मांगने पर हुआ विवाद
पीड़ित संजय ने बताया- गाड़ी मथुरा जिला की थी, इसलिए मैंने उनसे आधार कार्ड मांगा। इस पर गाड़ी चालक गाली गलौज और मारपीट करने लगे। गाड़ी पर फास्टैग नहीं था
टोल मैनेजर ईश्वर शर्मा ने बताया- गाड़ी पर फास्टैग नहीं था। यूपी 85 नंबर की गाड़ी होने की वजह से आधार कार्ड दिखाने को कहा। इस बात पर मारपीट की गई है।
———————— ये खबर भी पढ़िए- मेरठ में परिवार के 6 लोग एक साथ जिंदा जले, इनमें जुड़वां बेटियों समेत 5 बच्चे मेरठ में कपड़ा कारोबारी के परिवार के 6 लोग जिंदा जल गए। इनमें जुड़वां बेटियों समेत 5 बच्चे हैं। कारोबारी सोमवार की देर शाम नमाज पढ़ने गया था, तभी दो मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। उस वक्त घर में 2 महिलाएं और 5 बच्चे थे। सभी लपटों में फंस गए। (पूरी खबर पढ़िए)