मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना सामने आई है। पिढवल से अपनी आभूषण की दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारी जितेंद्र वर्मा को कोपागंज थाना क्षेत्र के टड़ियाव खाद गोदाम के पास बाइक सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर लूट लिया। बदमाश 5 किलोग्राम चांदी, 150 ग्राम सोना और कुछ नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित व्यापारी ने कोपागंज थाने में तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कोपागंज नगर पंचायत के चंदनपुरा मोहल्ले के निवासी सर्राफा व्यवसायी जितेंद्र वर्मा पुत्र राधाकृष्ण की घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढवल मोड़ पर आभूषण की दुकान है। वह प्रतिदिन की तरह शाम को अपनी दुकान बंद कर एक साथी के साथ बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान, पहले से घात लगाए बैठे चार नकाबपोश बदमाशों ने दो बाइकों पर उनका पीछा किया और टड़ियाव खाद गोदाम के समीप फोरलेन पर उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने तमंचा सटाकर आभूषण से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी रविंद्रनाथ राय तत्काल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आभूषण की दुकान तथा लूट वाली जगह पर गहन जांच-पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस टीम भी प्रत्येक पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी और अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सहित कोपागंज, घोसी पुलिस और एसओजी की टीमें बदमाशों तक पहुंचने के लिए पीड़ित से पूछताछ कर रही हैं और सभी संबंधित तथ्यों को खंगाल रही हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि सर्राफा व्यापारी जितेंद्र कुमार अपने एक साथी के साथ दुकान बंद कर घर जा रहे थे। घोसी और कोपागंज थाने की सीमा पर दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उनसे छीना-झपटी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।