मथुरा के अजय नगर स्थित मुकुंद विहार कॉलोनी में अवैध पशु कटान और प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद हुए बवाल और आगजनी के मामले में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। थाना हाईवे पुलिस ने चार पुरुष और एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इन सभी पर अवैध पशु कटान का आरोप है। आपको बता दें कि यह घटना शुक्रवार को सामने आई, जब गौरक्षक दल को मुकुंद विहार कॉलोनी में अवैध पशु कटान और प्रतिबंधित मांस होने की सूचना मिली। सूचना पर गौरक्षक दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और एक मकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद किया। इसकी जानकारी मिलते ही थाना हाईवे पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस द्वारा मकान की तलाशी के दौरान जब अत्यधिक मात्रा में मांस मिला, तो वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान हंगामा बढ़ गया और पास स्थित एक कबाड़ के गोदाम में आग लगा दी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना पर दमकल विभाग भी मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल भारी पुलिस बल तैनात कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था सुनिश्चित की। शनिवार को पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार पुरुष आरोपियों और एक महिला को गिरफ्तार किया। सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ अवैध पशु कटान और प्रतिबंधित मांस रखने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में इलियास पुत्र इमामी (50 वर्ष), इस्लाम पुत्र रमजानी (60 वर्ष), फैजान पुत्र शाबिर खान (19 वर्ष), शाहरूख पुत्र इस्लाम (25 वर्ष) तथा एक महिला अभियुक्ता शामिल हैं। पुलिस ने अभियुक्त शाहरूख की निशानदेही पर पशु कटान में प्रयुक्त 4 छुरा भी बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तारियां अजय नगर कॉलोनी स्थित अभियुक्तों के मकानों से की गईं। हाईवे पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।