मथुरा में दिल्ली-आगरा रेलवे लाइन पर शुक्रवार देर शाम एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना संस्कृति विश्वविद्यालय के पास की है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान छाता कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला बंजारा दद्दी गढ़ी निवासी 35 वर्षीय संजू पुत्र जगदीश के रूप में हुई है। बताया गया कि संजू शुक्रवार को अपने घर से निकला था और देर शाम संस्कृति विश्वविद्यालय के पीछे स्थित दिल्ली-आगरा रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेन गुजर रही थी। तभी युवक अचानक ट्रेन के सामने कूद गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर की गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।