मथुरा के थाना गोविन्दनगर क्षेत्र में जयसिंहपुरा चौराहा, वृंदावन रोड पर देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक फरार हो चुका था। पुलिस को घटना की जानकारी जयसिंहपुरा निवासी सतीश चन्द शर्मा ने डायल-112 पर कॉल करके दी। उन्होंने बताया कि चौराहे पर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पीआरवी 1884 और चौकी प्रभारी बिरला मंदिर, उपनिरीक्षक अजीत कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल संख्या DL1SU0442 से वृंदावन की ओर जा रहे युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दिल्ली के नांगलोई स्थित शिवराम पार्क, गली नंबर 17 निवासी देव मिश्रा के रूप में हुई है। हादसे के समय वह बाइक पर अकेले यात्रा कर रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला मोर्चरी मथुरा भेज दिया है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रभारी निरीक्षक राजकमल सिंह और चौकी प्रभारी अजीत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है और कानून-व्यवस्था का कोई मुद्दा नहीं है। अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है और इस संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।