मथुरा से आए दो दोस्त नर्मदा में डूबे:ओंकारेश्वर घूमने आए थे; एक का पैर फिसला तो दूसरा बचाने कूदा, 9 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

यूपी के मथुरा से 6 दोस्त ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग के दर्शन करने पहुंचे थे। मंगलवार दोपहर के समय नर्मदा स्नान के दौरान एक दोस्त का चट्टानों पर पैर फिसला और वह पानी में डूब गया। दूसरा दोस्त उसे बचाने के लिए कूदा तो वह भी गहरे पानी में चले गया। करीब 9 घंटे के रेस्क्यू के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हादसा ब्रह्मपुरी घाट पर हुआ है। रात होने के कारण सर्चिंग बंद कर दी गई है, अब सुबह फिर से तलाशी शुरू की जाएगी। मथुरा से घूमने आए थे
मांधाता थाना प्रभारी जगदीश सिंधिया ने बताया कि मथुरा से आए 6 लोग दर्शन से पहले ब्रह्मपुरी घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। सभी आपस में दोस्त और चचेरे भाई हैं। इनमें से आकाश और तुषार नाम के दो दोस्त डूबे है। आकाश नहाते हुए नदी के गहरे हिस्से में चला गया, तेज बहाव में बहने लगा, तो उसे डूबता देख तुषार ने अपने दोस्त को बचाने के लिए छलांग लगा दी। 9 घंटे बाद भी दोनों का नहीं मिला सुराग
मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने तत्काल शोर मचाकर मदद के लिए आवाज लगाई। सूचना मिलते ही होमगार्ड और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद भी देर रात तक दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका। इधर, जिस समय हादसा हुआ, उसी दौरान खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ओंकारेश्वर पहुंचे हुए थे। वे पुलिस कंट्रोल रूम पर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में मीटिंग कर रहे थे।