ललितपुर में मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान राजनीतिक विरोध के बीच सौहार्दपूर्ण दृश्य भी देखने को मिला। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष दयाराम रजक ने भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत के पैर छुए। जबकि महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेहा तिवारी ने भाजपा महिला जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रावत समेत अन्य महिला नेत्रियों से गले मिलकर अभिवादन किया। घेराव कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनभर असमंजस में नजर आए। बताया गया कि उन्होंने लगभग चार घंटे तक प्रदर्शन का समय बदला। अंततः शाम करीब 4:30 बजे, कांग्रेस के केवल सात कार्यकर्ता बिना किसी झंडा-बैनर के भाजपा कार्यालय पहुंचे। भाजपा कार्यालय में मौजूद पदाधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं का स्वागत किया और बैठने के लिए कुर्सियां उपलब्ध कराईं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच संवाद हुआ। करीब आधे घंटे तक चली इस मुलाकात के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चाय भी पिलाई गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जहां मनरेगा नाम परिवर्तन के विरोध में नारेबाजी की, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए। पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल शांतिपूर्ण बना रहा। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के जिला महासचिव शशिकांत दीक्षित, नगराध्यक्ष रामनरेश दुबे, पूर्व पार्षद मुकेश रजक, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष राम भरोसे कुशवाहा और पप्पू तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।