महराजगंज में डायल-112 की स्कार्पियो और अर्टिगा कार में भिड़ंत:दो महिला पुलिसकर्मी समेत तीन घायल, स्थानीय लोगों ने घायलों को निकाला बाहर

महराजगंज के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार शाम डायल 112 पुलिस वाहन और बारात में जा रही अर्टिगा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो महिला पुलिसकर्मी और कार चालक घायल हो गए। यह हादसा बागापार-झंझनपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास स्थित ड्रेन पुलिया पर हुआ। जानकारी के अनुसार, डायल 112 की पुलिस गाड़ी बागापार की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रही बारातियों की अर्टिगा कार से रात करीब 7:30 बजे आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही जटाशंकर सिंह अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और एम्बुलेंस बुलाकर सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेजवाया। घायलों में डायल 112 पर तैनात दो महिला पुलिसकर्मी और अर्टिगा कार का चालक शामिल हैं। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों द्वारा उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में पुलिया के पास संकरी सड़क और तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।