हाथरस जंक्शन के गांव रुद्रपुर में एक महिला ने आज रविवार की शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के मायके वालों ने पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है और मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, पूजा (27) की शादी दस साल पहले रुद्रपुर निवासी शिवकुमार से हुई थी। मायके वालों का कहना है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर कलह होती रहती थी और पति उसे परेशान करता था। पूजा के मायके वालों को उसकी मौत की सूचना मिली। वे आनन-फानन में गांव रुद्रपुर पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि पूजा का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला है। एक दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद शिवकुमार रात में कमरे में नहीं सोया था। इसके बाद पूजा के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तब इस घटना का पता चला। सीओ सिकंदराराऊ जेएन अस्थाना ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पूजा के पिता की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।