हरदोई के सिनेमा चौराहे पर सोमवार देर शाम एक बस कंडक्टर की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि कंडक्टर ने एक महिला यात्री से अभद्रता की थी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।टड़ियावां-गोपामऊ रूट पर चलने वाली यह बस सिनेमा चौराहे स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के लिए रुकी थी। इसी दौरान बस में यात्रा को लेकर एक महिला यात्री और कंडक्टर के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। महिला का आरोप है कि कंडक्टर ने उससे अभद्रता की, जिसके बाद महिला ने गुस्से में आकर उस पर चप्पलें चला दीं। महिला को अकेला देख आसपास मौजूद लोगों ने कंडक्टर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों में पेट्रोल पंप पर भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में महिला कंडक्टर पर चप्पल से हमला करती दिख रही है, जबकि कई लोग उसे पकड़कर पेट्रोल पंप से बाहर घसीटते हुए ले जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बस स्टैंड पर मौजूद कुछ यात्रियों ने बताया कि विवाद किराए और सीट को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते बढ़ गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। घटना के बाद बस चालक और अन्य कर्मचारी मौके से फरार हो गए।