माघ मेला 2026- यातायात प्रबंधन योजना पर बैठक:पुलिस अधिकारियों ने डायवर्जन, मॉक ड्रिल और पार्किंग पर दी जानकारी

प्रयागराज में माघ मेला 2026 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना था। अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश सरकार, श्री ए सतीश गणेश की अध्यक्षता में यह बैठक मेला प्राधिकरण कार्यालय स्थित आईसीसीसी सभागार में हुई। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों ने माघ मेले की यातायात प्रबंधन योजना, पार्किंग व्यवस्था, साइनेज व्यवस्था और आपातकालीन योजनाओं (कंटिंजेंसी प्लान) पर विस्तृत चर्चा की। मेला क्षेत्र में संभावित भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर विचार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने सीमावर्ती जिलों से मेला क्षेत्र की ओर आने वाले यातायात को मोड़ने के लिए तैयार किए गए डायवर्जन प्लान की जानकारी दी। एडीजी यातायात ने निर्देश दिए कि बैरिकेडिंग पर तैनात पुलिसकर्मियों को आपातकालीन योजना और कमांड चेन की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। अंतर-जनपदीय और अंतर-राज्यीय सीमाओं पर यातायात डायवर्जन की जिम्मेदारी एडीजी जोन को सौंपी गई है। यातायात व्यवस्था में बाधा न आए, इसके लिए मॉक ड्रिल और पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण पहले से कराने पर भी जोर दिया गया। यह भी तय किया गया कि सीमावर्ती जिलों के हितधारकों, जैसे टैक्सी ऑपरेटरों और टैक्सी यूनियनों के साथ समन्वय स्थापित कर डायवर्जन प्लान साझा किया जाए। इससे भीड़भाड़ वाले दिनों में प्रयागराज आने वाले भारी यातायात को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। मेला अधिकारी और अन्य अधिकारियों ने पार्किंग स्थलों की क्षमता का आकलन करने और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपायों पर भी चर्चा की। श्रद्धालुओं को पार्किंग और वाहन निकालने में परेशानी न हो, इसके लिए ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों के रूट प्लान पर भी निर्णय लिया गया। मेला प्रशासन ने स्नान घाटों पर नंबरिंग और गूगल मैप्स के साथ एकीकरण की योजना को भी मंजूरी दी है। इससे श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में आसानी होगी। मौनी अमावस्या के दौरान आने वाली भारी भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। बैठक में आईजी अजय कुमार मिश्रा, पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार, कमिश्नर अजय पाल, मेला अधिकारी ऋषिराज और नगरायुक्त सीलम साई तेजा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।