मार्शल-दो ऑटो की टक्कर में एक की मौत, 8 घायल:इटावा में गाड़ी के उड़े परखच्चे, घायलों का इलाज जारी

इटावा के बकेवर-लखना मार्ग पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना नगला बनी के सामने हनुमान मंदिर के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार मार्शल कार ने दो ऑटो को टक्कर मार दी। देखिए तीन तस्वीरें…. पढ़िए पूरी घटना… घटना रविवार रात करीब 7:45 बजे की है। बकेवर की ओर से आ रही लखना सामाजिक वानिकी की मार्शल कार का चालक लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था। नगला बनी के सामने लखना रोड पर हनुमान मंदिर के पास पहुंचते ही उसने लखना की ओर से आ रहे दो ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ऑटो पलट गया। हादसे में आजाद नगर बकेवर निवासी आरिफ पुत्र नबी अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में पांडरी बाबा की पूजा करके लौट रहे अजीतमल, औरैया निवासी आशुतोष मिश्रा पुत्र राजेश, शालिनी पत्नी आशुतोष, अर्चना पत्नी देवेश मिश्रा और विजयलक्ष्मी पत्नी अखिलेश शामिल हैं। दूसरे ऑटो में सवार लखना पुराना पुल निवासी रोहित पुत्र भैरोंसिंह, ककरैया निवासी जगतसिंह पुत्र बेटालाल, ग्राम मडौली निवासी सनी पुत्र राजनारायण और ग्राम करौंधी निवासी रामकिशन पुत्र जयश्रीराम भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राहगीरों ने तत्काल एम्बुलेंस और बकेवर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बकेवर के 50 शैय्या अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल की इमरजेंसी में डॉ. रविंद्र साहू और डॉ. पुष्पेंद्र कुमार उनका उपचार कर रहे हैं। दुर्घटना के बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री रजत चौधरी और लखना चेयरमैन गणेश शंकर पोरवाल भी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।