मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत:संतकबीरनगर में झाड़ियों से निकलकर रेलवे ट्रैक पर पहुंचा, परिजनों ने की पहचान

संतकबीरनगर में खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के तितौवा क्रासिंग के पास एक मालगाड़ी की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान सर्वेश के रूप में हुई है, जो होली की छुट्टी पर चेन्नई से घर आया था। पुलिस के अनुसार, मृतक सर्वेश (23) पुत्र सत्यप्रकाश, निवासी वार्ड नंबर-1 मटिहना, कोतवाली खलीलाबाद था। बताया जा रहा है कि वह झाड़ियों की ओर से निकलकर अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना जीआरपी खलीलाबाद ने स्थानीय पुलिस को दी। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार को परिजनों की शिनाख्त के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस प्रथमदृष्टया इसे एक हादसा मानकर जांच कर रही है। परिजनों के मुताबिक, सर्वेश अपने बड़े भाई श्रवण के साथ चेन्नई की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। होली पर फैक्ट्री में 10 दिन की छुट्टी होने के कारण दोनों भाई घर आए थे। घर लौटने के बाद वे साफ-सफाई और घरेलू कामों में लगे थे। मृतक के चाचा दयासागर ने बताया कि सर्वेश पिछले दो दिनों से कुछ परेशान लग रहा था। गुरुवार शाम वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। वह अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था और नंगे पांव बाहर निकला था। सर्वेश पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि तीन भाइयों की शादी नहीं हुई है। पिता सत्यप्रकाश खेती-बाड़ी संभालते हैं। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। कोतवाल जय प्रकाश दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।