मिर्जापुर के जमालपुर ब्लॉक के ग्राम प्रधान एवं प्रधान संघ अध्यक्ष सुशील सिंह ‘बाचा’ को मॉडल यूथ ग्राम सभा के रूप में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। दिल्ली से लौटने पर गुरुवार शाम जमालपुर में उनका भव्य स्वागत किया गया और एक जुलूस निकाला गया। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने 28 जनवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। यह पुरस्कार लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने और ‘आदर्श युवा ग्राम सभा’ के माध्यम से पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट विकास के लिए दिया गया है। प्रधान ‘बाचा’ के आगमन पर जमालपुर का माहौल उत्सवमय हो गया। गांव में जगह-जगह ढोल-नगाड़े, डीजे की धुनें और अबीर-गुलाल के साथ उनका स्वागत किया गया। बस स्टैंड से सेमरा पंचायत भवन तक एक जुलूस निकाला गया, जिसमें युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सहित सभी वर्गों के लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। ग्रामीणों ने बताया कि सुशील सिंह के नेतृत्व में जमालपुर ग्राम पंचायत ने विकास, पारदर्शिता और युवाओं की भागीदारी के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। शिक्षा, स्वच्छता, खेल गतिविधियों और रोजगार से जुड़े नवाचारों ने गांव को एक नई पहचान दी है, जिसका प्रतिफल राष्ट्रीय मंच पर इस सम्मान के रूप में मिला। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुशील सिंह ‘बाचा’ ने कहा, “यह पुरस्कार सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि जमालपुर के हर नागरिक का है। गांव के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के सहयोग से ही जमालपुर को मॉडल यूथ ग्राम सभा के रूप में पहचान मिली है।” उन्होंने संकल्प लिया कि आने वाले समय में गांव को विकास, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में और आगे ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जो पंचायत को नई ऊर्जा और दिशा देगा। कार्यक्रम के दौरान यह संकल्प लिया गया कि जमालपुर को प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के आदर्श ग्रामों की श्रेणी में स्थापित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सेमरा पंचायत भवन पर हुआ, जहां ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के उज्ज्वल भविष्य के लिए एकजुट होकर संकल्प लिया।