मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई:हाई अलर्ट के बीच प्रशासन ने किया निरीक्षण, चेकिंग अभियान जारी

उत्तर प्रदेश में जारी हाई अलर्ट के मद्देनजर सोमवार को विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का उच्च अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मातहतों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के लिए मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा सहित अन्य अधिकारी धाम पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर, त्रिकोण पथ और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की। देखिए तस्वीरें… इस दौरान विंध्याचल इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय, धाम सुरक्षा प्रभारी उदय प्रताप सिंह और धाम चौकी प्रभारी अजय कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद दिखे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर और मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा जांच प्रणाली को भी सुदृढ़ किया गया है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सतर्कता बढ़ा दी गई है। मोबाइल टीमें भी लगातार गश्त कर रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने नागरिकों से सुरक्षा अभियान में सहयोग की अपील की।