प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में मुंबई जा रहे एक परिवार पर दबंगों ने हमला कर दिया। कछरा पुल के पास हुई इस घटना में मां, बेटा, बेटी समेत चार लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों ने सड़क पर बांस-बल्ली लगाकर कार रोकी और महिलाओं समेत परिवार के सदस्यों को पीटा। यह विवाद दुर्गागंज बाजार में कार ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुआ था। कार सवार परिवार की बाइक पर सवार दो युवकों से कहासुनी हो गई थी। बाजार में लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन बाइक सवार युवकों ने अपने साथियों को फोन कर देल्हुपुर-रानीगंज मार्ग स्थित कछरा पुल के पास इकट्ठा कर लिया और घात लगाकर बैठ गए। जैसे ही कार सवार परिवार कछरा पुल के पास पहुंचा, दबंगों ने सड़क पर बांस-बल्ली और लकड़ियां लगाकर रास्ता रोक लिया। परिवार के संभलने से पहले ही हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि उन्होंने महिलाओं को भी पीटा और कार के शीशे तोड़ दिए। हमले में मोहम्मद इमरान (39), शहनाज बानो (50), कैफ (22) और सबा बानो (20) समेत परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रानीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन भी बाधित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित मोहम्मद इमरान ने बताया कि वह अपने परिवार को प्रयागराज स्टेशन पहुंचाने के लिए निकले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला पूर्व नियोजित था और हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उन पर हमला किया।