समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को कानपुर में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। वह बिरहाना रोड स्थित मशहूर ‘मुन्ना समोसा’ की दुकान पर समोसे का स्वाद भी चख सकते हैं। इससे पहले 12 फरवरी को अखिलेश यादव कानपुर आए थे। तब उन्होंने पूछा कि यहां क्या फेमस है…कचौड़ी या समोसा। तब किसी ने कहा था समोसा, इसके बाद उन्होंने समोसा खाने की इच्छा जताई। कहा- कार्यक्रम के बाद समोसा खाने जाएंगे। लेकिन वह नहीं पहुंचे थे। अब 25 फरवरी अखिलेश यादव फिर से कानपुर आ रहे हैं। इस बार उनके कार्यक्रम में मुन्ना समोसा की दुकान जाने का भी कार्यक्रम शामिल है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि कानपुर के मुन्ना समोसा की क्या खासियत है। ऐसा क्या है कि उनके समोसे का स्वाद पूरे शहर में मशहूर है। पढ़िए यह रिपोर्ट… 1973 में नेहरू नगर से शुरू हुई दुकान मुन्ना समोसा के नाम से पहली समोसे की दुकान साल 1973 में नेहरू नगर से शुरू हुई थी। ‘मुन्ना समोसा’ आज कानपुर में ब्रांड बन चुका है। राम गुप्ता परिवार की तीन पीढ़ियां इस कारोबार से जुड़ी हैं। नेहरू नगर, गोविंदनगर, पी रोड और बिरहाना रोड में मुन्ना समोसा की शाखाएं चल रही हैं। अपनी खास मसालेदार भरावन और अलग स्वाद के कारण मुन्ना समोसा शहरभर में लोकप्रिय है। अखिलेश यादव के संभावित आगमन से इसकी चर्चा और बढ़ गई है। नाना ने समोसे की पहली दुकान शुरू की थी बिरहाना रोड की दुकान पर राम जी गुप्ता और अर्पित गुप्ता मिले। उन्होंने बताया कि हमारे नाना ने समोसे की पहली दुकान शुरू की थी। तब से लगातार तीन पीढ़ियों से हमारा परिवार समोसे का कारोबार कर रहा है। समोसा सबसे अलग क्यों है? राम जी ने बताया- समोसा तो कई दुकानों में बिकता है, लेकिन हमारे यहां का समोसा इसलिए अलग पहचान बना पाया, क्योंकि सबसे पहले समोसे के मसाले में हींग मिलाने की शुरुआत हमारे यहां से हुई थी। इसी वजह से हमारे समोसे का स्वाद सबसे अलग लगने लगा। समोसे की कई वैरायटी राम जी ने बताया- आलू के सादे समोसे के साथ ही अन्य वैरायटी के समोसे भी हमारे यहां मिलते हैं। यहां मलाई पनीर समोसा, पिज्जा पनीर समोसा और चीज कॉर्न समोसा उपलब्ध हैं, जो लोगों को काफी पसंद है। इनके स्वाद के लिए दूर-दराज से लोग आते हैं। मुन्ना समोसा में आलू का समोसा 10 रुपए का है। मलाई पनीर समोसा 25 रुपए का एक है। इसके अलावा पिज्जा पनीर और चीज कॉर्न समोसा 20 रुपए का एक मिलता है। कोई भी सभी का स्वागत है, राजनीते से कोई मतलब नहीं मुन्ना समोसा के संचालक राम जी ने कहा- मुझे जानकारी मिली है कि अखिलेश यादव आ रहे हैं। हमारा समोसा एक ब्रांड है, कोई भी समोसा खाने आ सकता है। जो भी आएगा उसका स्वागत है। अखिलेश के अलावा आगे कोई भी आए, उसका भी स्वागत है। हमारा काम लोगों तक अपना स्वाद पहुंचाना है। राजनीति से हमारा कोई लेना-देना नहीं है।