हाथरस के मुरसान कस्बे में सोमवार देर शाम एक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक जतिन की मौत हो गई। यह हादसा मुरसान कोतवाली के पास मथुरा-बरेली मार्ग पर हुआ। जतिन सोमवार रात करीब 6:30 बजे अपनी बाइक से घर से बाजार जाने के लिए निकला था। घर से निकलने के लगभग आधे घंटे बाद ही एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से जतिन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने गंभीर हालत में जतिन को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब शव का पोस्टमार्टम करा रही है। परिजनों ने बताया कि जतिन की शादी कासगंज निवासी प्रीति से करीब आठ महीने पहले हुई थी। जतिन की मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम छा गया है। मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।