मुरादाबाद के दो दोस्तों की रेलवे ट्रैक पर मौत:ट्रेन की चपेट में आए, एक की मौके पर, दूसरे की अस्पताल में जान गई

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के रहने वाले दो दोस्तों की उत्तराखंड के काशीपुर में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना ठाकुरद्वारा-रामनगर मार्ग पर अनन्या होटल के पास हुई। एक दोस्त की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों युवक मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा स्थित वार्ड नंबर 12, मोहल्ला बंजारन बस्ती के निवासी थे। वे स्कूटी से काशीपुर गए थे। वहां स्कूटी खड़ी करने के बाद दोनों रेलवे ट्रैक पर पैदल चलने लगे। इसी दौरान रामनगर की दिशा से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान जगदीश सिंह (27) पुत्र सोमपाल सिंह, और राजा पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है। हादसे में जगदीश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राजा को स्थानीय लोगों ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, राजा को बचाया नहीं जा सका और उसकी भी मौत हो गई। दोनों दोस्तों की मौत की खबर से उनके परिजनों और मोहल्ले में शोक का माहौल है।