मुरादाबाद में बेकरी संचालक की गोली मारकर हत्या:नमाज पढ़ने घर से निकले थे, हिस्ट्रीशीटर साले ने गोली मारी; बेकरी संचालक के बेटी-दामाद जज

मुरादाबाद में शुक्रवार रात एक बेकरी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस वक्त हुई जब बेकरी संचालक रोजा खोलने के बाद रात करीब 7:30 बजे अपने साले के साथ तरावीह की नमाज पढ़ने मस्जिद में जा रहे थे। तभी पीछे से बाइक पर आए बेकरी संचालक के दूसरे साले ने उन्हें गोली मार दी। हत्यारोपी हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसका बेकरी संचालक के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। बेकरी संचालक की बेटी और दामाद जज हैं। बेटी की पोस्टिंग बुलंदशहर में बताई जा रही है।

घटना मुरादाबाद शहर में नागफनी थाना इलाके के बंगला गांव चौराहे की है। जिगर कॉलोनी निवासी मोहम्मद असद ‘अलविना बेकरी’ का संचालन करते थे। पूरे शहर में उनकी 5-6 ब्रांच हैं। बताया जा रहा है कि असद अपने साले मज़ाहिर के साथ स्कूटी से जिगर कॉलोनी से लाल मस्जिद तरावीह की नमाज अदा करने जा रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी बंगला गांव चौराहे के पास पहुंची, पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही असद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। घायल बेकरी संचालक को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। SSP सतपाल अंतिल ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमों का गठन किया है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें ताबड़तोड़ छापामारी कर रही हैं।
परिजनों के मुताबिक, हत्या के पीछे फैमिली में चल रहा प्रॉपर्टी विवाद है। बेकरी संचालक असद का अपने साले जफर से मकान को लेकर विवाद चल रहा था। जफर नागफनी थाना इलाके का हिस्ट्रीशीटर है और डहरिया मोहल्ले में रहता है। वारदात में जफर के साथ उसका बेटा सैफुल और दामाद फैजान भी शामिल बताए जा रहे हैं। बेकरी संचालक को दूसरा साला मजाहिर पूरी वारदात का चश्मदीद है। पुलिस उससे पूछताछ करके पूरी घटना की तह तक जाने की कोशिशों में जुटी है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बेकरी संचालक की बेटी आसमां सुल्ताना और दामाद जुलकर नैन आलम जज हैं। आसमां सुल्ताना की पोस्टिंग बुलंदशहर में बताई जा रही है।